देश के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी कड़े विरोध का सामना कर रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस शासित राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के अंदर घमासान मचने की खबर सामने आ रही है।

खबर के मुताबिक, भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल ने पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को एक पत्र लिखकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया के खिलाफ पैसों का लेनदेन सहित कई संगीन आरोप लगाए हैं।

इस पत्र में भाजपा नेता कैलाश मेघवाल ने अपनी ही पार्टी के नेता गुलाबचंद कटारिया को पद से हटाने की मांग भी कर दी है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखे गए पत्र में पार्टी नेता कैलाश मेघवाल ने बीते दिनों गुलाबचंद कटारिया द्वारा महाराणा प्रताप और भगवान श्रीराम पर की गई टिप्पणियों का हवाला दिया है। उनका कहना है कि गुलाबचंद कटारिया की इस तरह की टिप्पणियों की वजह से पार्टी को भारी नुकसान हुआ है।

इसके साथ ही भाजपा नेता कैलाश मेघवाल ने आरोप लगाया है कि गुलाबचंद कटारिया खुद को बेदाग नेता बताते हैं।

लेकिन उनकी छत्रछाया में पार्टी पद और टिकट बंटवारे में लाखों करोड़ों का भ्रष्टाचार होता रहा है। अगर उन पर से आरएसएस का रक्षा कवच हट जाए। तो कई लोग सामने आ जाएंगे।

आपको बता दें कि भाजपा नेता कैलाश मेघवाल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाते हैं।

भाजपा नेता गुलाब चंद कटारिया के राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की शरण में जाने पर भी कैलाश मेघवाल ने सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा है कि साल 2008 में गुलाबचंद कटारिया ने कई पार्टी नेताओं के साथ मिलकर कसम खाई थी कि वह वसुंधरा राजे के पक्ष में कभी नहीं जाएंगे। लेकिन अपने स्वार्थ के लिए उन्होंने यह कसम तोड़ दी।

कैलाश मेघवाल का कहना है कि जिस तरह की बयानबाजी गुलाबचंद कटारिया कर रहे हैं, उससे पार्टी की बदनामी हो रही है। जिसका असर आने वाले चुनावों पर भी पड़ सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here