देशभर में इस वक्त लव जिहाद का मुद्दा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल भाजपा शासित मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सरकारें राज्यों में लव जिहाद के कथित मामलों के खिलाफ कानून बनाने पर जोर दे रही हैं।

अब बिहार में भी भाजपा नेताओं ने राज्य में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने की मांग उठानी शुरू कर दी है।

भाजपा के लव जिहाद के मुद्दे को इस तरह से हवा देने पर विपक्षी दलों द्वारा इसका जमकर विरोध भी किया जा रहा है।

इस मामले में शिवसेना नेता और सांसद संजय राउत ने नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुंबई में मीडिया से बात करते हुए कहा है कि भाजपा के कुछ नेता महाराष्ट्र में भी लव जिहाद को लेकर कानून लाने की मांग उठा रहे हैं।

दरअसल महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीते सप्ताह देश में लव जिहाद की घटनाओं को रोकने के लिए कानून लाने पर जोर दिया था।

इस मामले में संजय राउत ने कहा है कि पहले बिहार के नीतीश सरकार शादी के कारण धर्मांतरण के लिए कानून बनाए या इसे लव जिहाद करार दे। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार इस बारे में सोचेगी।

शिवसेना नेता संजय राउत का कहना है कि पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा इस मुद्दे को उठा रही है। पार्टी के कई नेता पूछ रहे हैं कि लव जिहाद के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार कब कानून बनाएगी।

सीएम उद्धव ठाकरे का कहना है कि अगर यूपी और मध्य प्रदेश की सरकार ऐसा कानून बनाती है। तो हम इस कानून का अध्धयन करेंगे। फिर इसके बारे में विचार करेंगे।

संजय राउत ने भाजपा का नाम लिए बिना इससे पहले यह भी कहा है कि देश में इस वक्त बेरोजगारी, आर्थिक मंदी और महंगाई सबसे अहम मुद्दे हैं लेकिन लगता है कि लव जिहाद ज्‍यादा अहम मुद्दा बन चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here