बीते कई महीनों से भारत में पेट्रोल और डीजल की बढ़ रही कीमतें आसमान छू रही है। जिसके कारण आम जनता का जीना मुहाल होता जा रहा है।

आज के वक्त में देश के कई राज्यों में पेट्रोल की कीमत 100 रुपए प्रति लीटर से ऊपर चल रही है। लेकिन महंगाई कम करने की जगह सरकार द्वारा फालतू की बयानबाजी की जा रही है।

कई केंद्रीय मंत्री कह चुके हैं कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी नहीं हो पाएगी। बल्कि इन कीमतों में और ज्यादा बढ़ोतरी होने की आशंका है।

इसी बीच भारतीय जनता पार्टी की नेता और सांसद प्रज्ञा ठाकुर का वीडियो सामने आया है। जिसमें उन्होंने देश में बढ़ रही महंगाई को कांग्रेस द्वारा चलाए जाने वाला प्रोपेगेंडा बताया है।

वीडियो में भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर यह कह रही हैं कि जो यह लोग एक प्रोपेगेंडा करते हैं कि डीजल महंगा हो गया है, पेट्रोल महंगा हो गया है। यह महंगाई कुछ नहीं है। यह तो कांग्रेस की मानसिकता है और फोकट का प्रोपेगेंडा है।

दरअसल हाल ही में संपन्न हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों ने मोदी सरकार को देश में बढ़ रही महंगाई बेरोजगारी और गिर रही अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर घेरा था।

लेकिन सरकार दोनों सदनों में इन सभी मुद्दों पर चर्चा करने से भागती रही। सभी विपक्षी दलों ने एकजुट होकर संसद के बाहर भी सरकार का घेराव किया था।

गौरतलब है कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.62 फीसदी तक आ पहुंची है। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से खाने पीने का सामान भी महंगा हो चुका है।

पेट्रोल, डीजल के साथ-साथ गैस सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी की जा रही है। लेकिन सरकार इस मुद्दे को सिर्फ एक प्रोपेगेंडा का नाम देकर अपना बचाव करने में लगी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here