सचमुच हमारा देश बदल रहा है। जो जो कारनामे पिछले 70 सालों में नहीं हुए, वो अब हो रहे हैं। असम और मिजोरम जैसे दो राज्य सीमा विवाद को लेकर आमने सामने आ गए और फिर शुरु हो गया खूनी संघर्ष।

दोनों ओर से गोलियों की बरसात हुई और असम के छह जवान इस दुखद हादसे में शहीद हो गए। वहीं असम के 60 से ज्यादा जवानों के घायल होने की भी सूचना है. मामला सोमवार का है।

दोनों राज्यों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में असम का ज्यादा नुकसान हुआ है। असम पुलिस के जवान मारे भी गए हैं और बड़ी संख्या में घायल भी हुए हैं।

कछार जिले के एसपी वैभव निंबालकर चंद्राकर के पैर में गोली लग गई है और वो आईसीयू में जीवन मौत से जूझ रहे हैं।

अब तक ऐसी सूचनाएं भारत पाकिस्तान या भारत चीन सीमा से ही आती रही हैं लेकिन अब देश के अंदर भी सीमा विवाद को लेकर हिंसक झड़प की सूचना किसी भी भारतीय को दुख पहुंचाने वाली है।

मिली जानकारी के अनुसार, असम मिजोरम सीमा पर स्थिति नियंत्रण में तो है किन्तु तनावपूर्ण है। असम मिजोरम सीमा पर सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है लेकिन जंगली इलाकों में हिंसक कार्यकर्ता छिपे हुए हैं।

कांग्रेस नेता श्रीवत्स ने इस घटना के बाद ट्वीटर पर लिखा है कि “ऐसा 70 सालों में पहली बार हो रहा है जब देश के ही दो प्रदेश आपस में एक दूसरे पर मशीन गन से गोलियां चला रहे हैं. क्या यह भारत पाकिस्तान का बॉर्डर है या फिर ये भारत चाइना की सीमाएं हैं !

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर पलटवार करते हुए श्रीवत्स ने कहा कि सस्ता चाणक्य फिलहाल कर्नाटक के लिए कोई डमी सीएम खोजने में व्यस्त है और गोदी मीडिया अभी राज कुंद्रा में फंसा हुआ है।

मालूम हो कि अभी कुछ दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री ने असम का दौरा किया था और उनके दौरे के दो दिनों के बाद ही दोनों राज्यों के बीच यह संघर्ष शुरु हो गया।

कांग्रेस ने असम मिजोरम सीमा को लेकर हुए इस विवाद को गंभीरता से लिया है। कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए 07 सदस्यीय कमिटी का गठन किया है।

इस कमिटी में असम कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा, असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देवब्रत सैकिया, सांसद प्रद्यूत बोरडोलोइ, सांसद गौरव गोगोई, विपक्ष के उपनेता रकीबुल हुसैन, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कमलाख्या डे पुरकायस्थ शामिल हैं।

ये कमिटी मामले की गहन छानबीन करेगी और रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रस्तुत करेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here