जौनपुर लोकसभा सीट के लिए छठवें चरण में 12 मई को मतदान होना है। चुनाव के मद्देनज़र यहां सभी दल अपने प्रत्याशियों के समर्थन में बड़ी रैलियां कर रहे हैं। महागठबंधन ने भी मंगलवार को यहां बड़ी चुनावी रैली की। इस रैली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती भी मौजूद रहीं।

इस दौरान मायावती ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ बीजेपी पर ज़ोरदार हमला बोला। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि इस चुनाव में चौंकाने वाले नतीजे आएंगे। उन्होंने पीएम मोदी और सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद इन दोनों गुरु और चेले के अच्छे दिन जाएंगे और बुरे दिन आएंगे।

बसपा सुप्रमो ने कहा कि भीड़ देखकर लगता है कि नमो नमो करने वालों की छुट्टी कर देंगे। भाजपा विफलताओं के कारण इस बार सत्‍ता से बाहर चली जायेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में पांच वर्ष से भ्रष्टाचार चरम पर है। इसमें रक्षा सौदे भी अछूते नहीं रहे। देश की सीमाएं भी सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के लोग तो अब शहीदों की शहादत को भुनाने में लगे हैं।

ममता बोलीं- जो अपनी ‘पत्नी’ की देखभाल नहीं कर सका, वह देश के लोगों की क्या देखभाल करेगा?

प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार के आवारा जानवरों ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। मुस्लिम समाज का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ है। जिसका खुलासा सच्चर कमेटी में हो चुका है। मायावती ने कहा कि इन्हें सत्ता में आने नहीं देना है।

इस दौरान मायावती ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस सत्ता से बहुत दूर हो जाएगी। उसके भी शासन में गरीबों किसानों की समस्याएं खत्म नहीं हुईं। लोगों को रोजी के लिए पलायन करना पड़ा। बहुजन समाज को कानून का अधिकार नहीं मिला। इसीलिए बाबा साहब ने कानून मंत्री का पद छोड़ दिया। आपने कांग्रेस को मौका दिया लेकिन कांग्रेस खरी नहीं उतरी तो आपने कांग्रेस को बाहर कर दिया।

मायावती ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस बार भाजपा को सत्ता से बाहर करिये। कोई जुमलेबाजी काम न आए। इन्होंने पूंजीपतियों को मालामाल करने व बचने में पूरी ताकत लगा दी। पूंजीवाद के कारण पिछड़े, दलित अल्पसंख्यक का विकास नहीं हो सका। आरक्षण का कोटा अधूरा पड़ा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here