TRP स्कैम मामले में फंसे रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्णब गोस्वामी की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं।

अब उनके ख़िलाफ़ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज किया है। ये केस मुंबई पुलिस के डिप्टी कमिश्नर अभिषेक त्रिमुखे ने मुंबई सेशन कोर्ट में दर्ज कराया है।

इस मामले में अर्नब गोस्वामी के साथ ही उनकी पत्नी समयाब्रता गोस्वामी और एआरजी आउटलेयर मीडिया को भी आरोपी बनाया गया है। आरोपियों के ख़िलाफ़ IPC की धारा 499, 500, 501, 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।

दरअसल, एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रिपब्लिक टीवी की ओर से त्रिमुखे को लेकर की कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की गई थी।

इसी को लेकर त्रिमुखे ने अर्नब के ख़िलाफ़ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है।

शिकायत में त्रिमुखे ने कहा कि रिपब्लिक टीवी और अर्नब गोस्वामी ने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस से जुड़े अपने एक डिबेट शो में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करके उनके चरित्र हनन की कोशिश की है।

उन्होंने कहा कि यह दुर्भावनापूर्ण है और मुंबई पुलिस विभाग को अपमानित करने के लिए ऐसा जानबूझकर किया जा रहा है। उनका कहना है कि वह एक आईपीएस अधिकारी हैं और अर्नब की इस टिप्पणी से समाज में उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

बता दें कि अर्नब TRP स्कैम मामले में कथित व्हाट्सएप चैट्स लीक होने के बाद काफी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। इन चैट्स को लेकर लगातार उनकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

उन्हें मुंबई पुलिस पहले भी एक अन्य केस में गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद अर्नब को ज़मानत मिल गई थी। ज़मानत पर रिहा होने के बाद अर्नब मुंबई पुलिस पर लगातार आरोप मढ़ रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here