मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार ने सत्ता में आने से पहले कर्ज में डूबे किसानों की कर्जमाफ़ी की बात बड़े ही जोर शोर से उठाई थी। जनता की उम्मीदों का दबाव ही है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को सबसे पहले 40 लाख किसानों का कर्ज माफ करना पड़ा।

बता दें कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कुर्सी संभालते ही किसानों की कर्जमाफी की फाइल पर साइन किया था। इसके तहत हर किसान को दो लाख रुपये तक के कर्ज माफ़ होने थे।

एमपी सरकार ने खरगोन जिले के ऐसे ही एक किसान का कर्ज माफ़ कर दिया, जिससे परिवार में खुशहाली का माहौल है।

ऋणमाफ़ी योजना के तहत खरगोन जिले की बडवाह विधानसभा क्षेत्र के थरवर गांव में मनोहर ठाकुर के 1 लाख 83 हजार रुपये का कर्ज माफ़ कर दिया गया है। दिवाली के मौके पर परिवार का कर्ज माफ़ होने से किसान मनोहर ठाकुर का परिवार फूला नहीं समा रहा है। इसलिए त्यौहार मनाते वक्त उसने कमलनाथ की तस्वीर को तिलक लगाया।

बता दें कि कांग्रेस ने अपने ‘वचन पत्र’ में भी कहा था कि सरकार बनने के 11 दिनों में किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। मध्‍य प्रदेश में किसानों की कर्जमाफी काफी बड़ा मुद्दा है।

चुनावों से पहले कांग्रेस ने कर्जमाफी का वादा किया था। खबरों के अनुसार, राज्‍य में किसानों ने कांग्रेस के वादे के बाद लोन चुकाना बंद कर दिया था।

किसानों की बदहाली के दौर में ऐसी तस्वीर का आना भले ही सुखद सन्देश देता है मगर सरकारों को भी अपनी जिम्मेदारी का एहसास करना होगा और किसानों को इस हालत में जाने से पहले ही बचाना होगा। वरना अन्नदाताओं की मुसीबत बढ़ती रहेगी और खुद की तस्वीर पर चंदन तिलक लगवाकर इन नेताओं को भगवान होने का गौरव प्राप्त होता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here