देश में आज कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों द्वारा भारत बंद का आह्वान किया गया है। जिसका राष्ट्रव्यापी असर देखने को मिल रहा है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में किसान कृषि कानूनों के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस कड़ी में आज उत्तराखंड में किसान महापंचायत का आयोजन भी किया गया है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा शासित गुजरात में किसान नेताओं को प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोके जाने की खबर सामने आई है।

बताया जाता है कि किसान नेता युद्धवीर सिंह जब आज अहमदाबाद में किसान आंदोलन से जुड़े मामलों में एक प्रेस कांफ्रेंस करने जा रहे थे। तो गुजरात पुलिस ने आकर उन्हें रोक दिया और गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात पुलिस का कहना है कि किसान नेताओं को प्रेस कांफ्रेंस करने की इजाजत नहीं दी गई है।

गिरफ्तार किए गए किसान नेताओं में युद्धवीर सिंह, रंजीत सिंह, गजेंद्र सिंह और जेके पटेल का नाम शुमार है।

यह घटना अहमदाबाद के मोटेरा होटल की है। यहां से गिरफ्तार किए गए किसान नेताओं को शाहीबाग थाने में बंद किया गया है।

दरअसल गुजरात में अगले महीने की 4 और 5 तारीख को किसान महापंचायत का आयोजन किया जाने वाला है। जिस के संदर्भ में ही इस प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया था।

इस मामले में कांग्रेस नेता श्रीवत्स ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुटकी ली है।

उन्होंने ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि “ना प्रेस कॉन्फ्रेंस दूंगा, ना प्रेस कॉन्फ्रेंस देने दूंगा।”

कांग्रेस नेता श्रीवत्स ने भाजपा से सवाल किया है कि क्या अब किसी भी प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजाजत देंगे ?

गौरतलब है कि बीते साल नवंबर के महीने से शुरू हुए किसान आंदोलन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुप्पी साधे रखी है।

हाल ही में उन्होंने कहा था कि किसान उनसे जब चाहे बात कर सकते हैं। वह किसानों से सिर्फ एक फोन कॉल दूर है। लेकिन सच्चाई यह है कि अब तक पीएम मोदी ने किसानों की समस्या पर एक शब्द भी नहीं कहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here