बीजेपी सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे ‘नाथूराम गोडसे’ को संसद में देशभक्त बताए जाने पर राहुल गांधी ने टिपण्णी की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि, यह देश की संसद के इतिहास में एक दुखद दिन है।

राहुल ने ट्वीट करके कहा, “आतंकवादी प्रज्ञा ने आतंकवादी गोडसे को देशभक्त बताया। यह भारत के संसद के इतिहास का एक दुखद दिन है।”

इस मामले पर जब राहुल गांधी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, “मैं उस महिला के बारे में नहीं बोलना चाहता। यह आरएसएस और बीजेपी की आत्मा में है। वह कहीं ना कहीं से निकलेगा। वह गांधीजी की कितनी भी पूजा करें। उनकी आत्मा संघ की है। मैं अपना समय ख़राब नहीं करना चाहता। उनके ऊपर एक्शन लेना चाहिए।”

बुधवार को द्रमुक नेता ए राजा सदन में गोडसे का एक बयान पढ़ा रहे थे, जिसमें उन्होंने बताया था कि गोडसे ने महात्मा गांधी को क्यों मारा था। इस पर प्रज्ञा ठाकुर ने उन्हें टोकते हुए कहा कि आप एक ‘देशभक्त’ का उदाहरण नहीं दे सकते।

यह कोई पहला वाक्य नहीं है जब प्रज्ञा ने महात्मा गांधी के हत्यारे को महिमामंडित किया है। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रज्ञा ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने नाराज़गी जताई थी। पीएम मोदी ने कहा था, “मैं कभी भी इस बयान के लिए प्रज्ञा ठाकुर को दिल से माफ नहीं कर पाऊंगा”।

हालाँकि बीजेपी ने प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बयान पर कार्रवाई की है। प्रज्ञा इस सत्र की कार्रवाई में भाग नहीं ले पाएगी। वहीं सरकार ने प्रज्ञा को रक्षा मामले की कमेंटी से भी बाहर कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here