किसान नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की याद में आज जहां देशभर में किसान दिवस मनाया जा रहा है वहीं दूसरी ओर दिल्ली बॉर्डर पर लाखों किसान एकजुट होकर मोदी सरकार की कृषि नीतियों का विरोध कर रहे हैं।

इन दोनों हालातों का तुलनात्मक मिलान करते हुए यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है।

दरअसल नए कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन बढ़ता जा रहा है। देश के इस सबसे मेहनतकश तबके ‘किसान’ को मोदी सरकार ने भयंकर ठंड में खुले आसमान के नीचे आंदोलन करने पर मजबूर कर दिया है। लगभग एक महीने से लाखों किसान दिल्ली की सीमा पर डटे हुए हैं।

पंजाब से शुरू हुआ किसान आंदोलन हरियाणा के गांव गांव तक पहुंच गया है और दिल्ली में भी समर्थन पाते हुए देशव्यापी होता जा रहा है। जिसका असर है कि यूपी के किसानों ने भी अब कृषि कानूनों के विरोध में सड़कों पर बड़े पैमाने पर उतरना शुरू कर दिया है।

किसानों की नाराजगी को दबाने के लिए भाजपा कहीं लाठीचार्ज कर रही है, कहीं गिरफ्तार कर रही है तो कहीं मनाने के लिए ‘किसान सम्मेलन’ कर रही है।

भले ही सत्ताधारी भाजपा देश की जनता को कृषि कानूनों के फायदे गिना रही है मगर वह इसमें सफल नहीं हो पा रही है।

किसान दिवस पर किसानों का ये हाल! जिम्मेदार कौन?

आज देशभर में पूर्व प्रधानमंत्री और किसानों के मसीहा माने जाने वाले चौधरी चरण सिंह की 118 वीं जयंती पर ‘किसान दिवस’ मनाया जा रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए सरकार पर हमला बोला है।

किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार की आलोचना करते लेते हुए अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि, “चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन!

आज भाजपा के राज में देश के इतिहास में एक ऐसा ‘किसान दिवस’ आया है, जब उत्सव के स्थान पर देश का किसान सड़कों पर संघर्ष करने पर मजबूर है। भाजपा किसानों का अपमान करना छोड़े क्योंकि ‘देश का किसान, भारत का है मान’।”

 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नए कृषि कानूनों के मुद्दे पर बीजेपी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। 2 हफ्ते पहले किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन करने के बाद आज चरण सिंह को याद करते हुए किसान विरोधी सरकार के घेराव का आह्वान कर रहे हैं।

बुधवार को अखिलेश ने कहा कि, सपा ने किसानों के हक में आवाज़ बुलंद करने का फैसला किया है। सपा के कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश भर में प्रदर्शन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here