उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की बेटी सुदीक्षा भाटी की मौत के बाद लोगों में उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस के खिलाफ आक्रोश देखने को मिल रहा है।

गौरतलब है कि अमेरिका में करीब 4 करोड रुपए की स्कॉलरशिप हासिल करने वाली यूपी की बेटी सुदीक्षा भाटी की बुलंदशहर में ही सड़क पर चल रहे मनचलों द्वारा छेड़खानी से बचने के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई।

इस घटना के बाद से ही उत्तर प्रदेश सरकार और राज्य की पुलिस पर महिला सुरक्षा के झूठे दावे करने के आरोप लग रहे हैं। वहीँ विपक्षी नेताओं ने भी इसे दुखद घटना बताते हुए शोक व्यक्त किया है।

उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के विधायक अजय कुमार लल्लू ने सुदीक्षा भाटी की एक पुरानी वीडियो का क्लिप शेयर करते हुए लिखा- इस होनहार बेटी सुदीक्षा का बेटियों की शिक्षा पर उसकी बात सुनिए। उस वक्त जिस डर की बात उसने की आज उसके साथ वही हुआ। गुंडाराज ने एक होनहार बेटी के सपनों को कुचल दिया। हापुड़ – जौनपुर तथा प्रदेश में अन्य घटनाओं के बाद इस घटना से साफ है कि उप्र की कानून – व्यवस्था का यही सच है।

इस वीडियो में सुदीक्षा बता रही है कि किस तरह से उत्तर प्रदेश में लड़कियों को पढ़ने के लिए स्कूल नहीं भेजा जाता क्योंकि उनके माता-पिता इस बात से डरते हैं कि प्रदेश में लड़कियां सुरक्षित नहीं है।

सुदीक्षा ने बताया कि उसके माता-पिता भी इस बात से डरते थे कि कहीं मेरे साथ कोई अनहोनी ना हो जाए। लेकिन मैंने उन्हें विश्वास दिलाया और अपना भविष्य बनाने के लिए पढ़ाई का रास्ता चुना।

सुदीक्षा की वायरल हो रही इस वीडियो पर लोग योगी सरकार को याद दिला रहे हैं कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा एक एंटी रोमियो स्क्वाड गठित किया गया था। जिन्हें महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को सजा देने के लिए रखा गया था, अब वह कहां है ??

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here