भारत में 15 दिनों के अंदर दो बार बढ़ चुके रसोई गैस के दामों ने आम जनता की परेशानियां बढ़ाने का काम किया है।

रसोई गैस सिलेंडर की कीमत लगभग 885 रुपए पर पहुंच गई है। जोकि गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों की पहुंच से बाहर हो चली है।

इस मामले में देश के सभी विपक्षी दल मोदी सरकार पर हमलावर हैं। वहीँ सोशल मीडिया पर भी लोग महंगाई के मुद्दे पर भाजपा पर खुल कर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

कल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था।

अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को घेरा है

दरअसल कल उत्तर प्रदेश में जनक्रांति यात्रा का समापन किया गया है। इस दौरान अखिलेश यादव ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। न ही किसानों की पैदावार की आय दोगुनी हुई।

भाजपा ने जहां किसानों का कर्ज माफ करने का कहा था और किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था।

वो तो नहीं हुआ लेकिन पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस सिलेंडर का दाम दोगुना हो गया है। सरसों का तेल कितना मंहगा हो गया है।

देश की महिलाओं को घर का हिसाब किताब देखना पड़ता है। महिलाओं को अब अपने घर का खर्च चलाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ रहा है।

अखिलेश यादव ने इस दौरान यह भी कहा कि साल 2014 में भाजपा ने वादा किया था कि देश से भ्रष्टाचार खत्म किया जाएगा। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में नोटबंदी भी की। लेकिन आज भारत में भ्रष्टाचार कितना बढ़ गया है। देश की जनता भाजपा के कुशासन से परेशान है।

साल 2022 में उत्तर प्रदेश की जनता सत्ता में भारतीय जनता पार्टी को देखना नहीं चाहती।

इसके साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया है कि इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी 400 सीटों पर जीत हासिल करने जा रही है।

माना जा रहा है कि अबकी बार 400 पार के इस दावे के साथ अखिलेश यादव भाजपा से नाराज वोटरों को अपने पाले में करने की कोशिश कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here