राज्यसभा में बजट-2021 पर बहस की शुरूआत करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने केंद्र की मोदी सरकार को जमकर घेरा।

उन्होंने कहा कि सरकार से अब कोई बहाना नहीं कर सकती क्योंकि वो 6 सालों से सत्ता में हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार देश की संपत्ति चार-पांच लोगों को सौंप रही है।

सिब्बल ने कहा कि देश में 4-5 बड़े लोग हैं, जो लगभग सारी संपत्तियों के मालिक हैं। और एक बहुत बड़ा शख्स तो हर जगह है। मैं किसी का नाम नहीं लूंगा लेकिन वो हर जगह हैं। पोर्टेस, एयरपोर्ट्स, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स, रेलवे हर जगह वो हैं। ये क्रोनी कैपिटलिज्म का क्लासिक मामला है।

उन्होंने सत्तारूढ़ बीजेपी पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में मार्च 2022 तक 8,500 किलोमीटर के राजमार्गों के प्रस्तावित निर्माण की घोषणा की है जो तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल में है जहां विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

सिब्बल ने कहा कि साथ ही असम को भी प्रस्तावित नई राजमार्ग परियोजनाओं का हिस्सा बना लिया गया है।

असम में सीतारमण ने 1,300 किलोमीटर राजमार्गों के निर्माण का प्रस्ताव रखा है जो अगले तीन वर्षों में बनाए जाएंगे। असम में भी चुनाव होने वाले हैं।

इस दौरान कांग्रेस नेता ने किसानों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप किसान के मन की बात सुनने के बजाए अपने मन की बात सुन रहे हैं।

सिब्बल ने कहा कि किसान कह रहा है कि आप एमएसपी का कानून बना दो, लेकिन सरकार वह नहीं बनाना चाहती।

उन्होंने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हर साल किसानों को $62000 की सब्सिडी मिलती है, लेकिन हमारे देश में तो किसान सिर्फ एमएसपी मांग रहा है, उसको वो भी नहीं मिल रही।

सिब्बल ने आरोप लगाया कि देश में सिर्फ दो चार लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नए कृषि कानून बनाए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here