बजरंग दल के 23 वर्षीय कार्यकर्ता हर्ष की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। कर्नाटक के शिवमोगा की इस घटना से कल पूरे राज्य में तनाव का माहौल था। आज हर्ष की एक बहन का वीडियो सामने आया है। वीडियो में हर्ष की बहन अश्विनी लोगों को विभाजनकारी राजनीति से दूर रहने की अपील करती नजर आ रही है। हर्ष की बहन का मानना है कि उनके भाई की जान इसी विभाजनकारी राजनीति के कारण गई।
मीडिया से बात करते हुए अश्विनी ने कहा, ”हिंदू और हिंदुत्व के बारे में बात करने के लिए मेरे छोटे भाई का ये हाल हुआ है। मैं अपने सभी भाइयों से हाथ जोड़कर निवेदन कर रही हूं, चाहे आप मुस्लिम हों या हिंदू, अपने माता-पिता के अच्छे बच्चे बनें और इस सब में न पड़ें।”
Appeal for peace by Harsha's sister who was recently murdered in Shivamogga, Karnataka. pic.twitter.com/VzLqlz8fTc
— Mohammed Zubair (@zoo_bear) February 22, 2022
बता दें कि रविवार रात करीब 9 बजे बजरंग दल कार्यकर्ता हर्ष की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हर्ष ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर हिजाब के खिलाफ और भगवा शॉल के समर्थन में पोस्ट लिखा था इसलिए उसकी हत्या को हिजाब विवाद से जोड़कर देखा जा रहा था। लेकिन कर्नाटक पुलिस ने साफ कर दिया है कि घटना का हिजाब विवाद से संबंध नहीं है।