पंजाब में सत्तारुढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी के बीच चुनावी घमासान चल रहा है। आम आदमी पार्टी ने संगरूर से दो बार लोकसभा सांसद भगवंत मान को अपना मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है। इसके बाद पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए एक वीडियो शेयर किया है। हालाँकि, मज़ाकिया होने के बजाए ये वीडियो महिला-विरोधी है।

दरअसल, एक फ़िल्मी गाने के वीडियो में एडिटिंग के ज़रिए नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को एक महिला के लिए लड़ते हुए दिखाया गया है। महिला (अभिनेत्री विद्या बालन) को ‘सीएम चेयर’ के तौर पर दिखाया गया है। वीडियो में भगवंत मान को विजेता के रूप में दिखाया है। आम आदमी पार्टी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “पंजाब के अगले मुख्यमंत्री हाउस में!”

पंजाब कांग्रेस ने इस वीडियो पर विरोध जताते हुए लिखा है, “सभी पुरषों को हीरो के रूप में चित्रित किया गया है और आम आदमी पार्टी के लिए महिला एक ‘वस्तु’ है। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि दिल्ली में इनके पास एक भी महिला मंत्री नहीं है। ये हर दिन खुद को एक्सपोज़ करते हैं। महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करना बंद करो।”

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी पर महिला विरोधी होने का आरोप लगता रहा है। दिल्ली की आम आदमी सरकार में भी महिला कैबिनेट मंत्री नदारद हैं। दिल्ली सरकार में 7 कैबिनेट मंत्री हैं, सभी के सभी पुरुष। नाम देखिए- मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, कैलाश गेहलोत, इमरान हुसैन, गोपाल राय और राजेंद्र पाल गौतम।

हालांकि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में महिलाओं के लिए फ्री बस जैसी सुविधाएं भी दी है। लेकिन प्रतिनिधित्व के मामले में ऐसा कोई प्रयास नज़र नहीं आता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here