मोदी सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ कल किसान संगठनों द्वारा बंद का ऐलान किया गया है। 26 मार्च को सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक भारत बंद किया जाएगा।

किसान संगठनों का कहना है कि भारत बंद के दौरान लोगों से उनकी इच्छा के अनुसार दुकानें बंद रखने के लिए कहा गया है। दरअसल 12 घंटे के इस भारत बंद के दौरान देश भर की दुकानों और बाजारों को बंद रखने का आह्वान किया गया है।

इस कड़ी में बिहार के प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव ने भी भारत बंद को लेकर बिहार बंद का ऐलान कर दिया है।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर लिखा है कि “बिहार बंद। बिहार विधानसभा में CM द्वारा लोकतंत्र का चीरहरण, विधायकों की पिटाई, बेरोजगारी, महँगाई, किसान बिल के विरुद्ध कल, 26 मार्च को पूरे महागठबंधन ने बिहार बन्द का आह्वान किया है।

सभी बिहारवासी इस बन्द में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और इस अहंकारी सरकार के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करें।”

आपको बता दें कि तेजस्वी यादव बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बिल 2021 का कड़ा विरोध कर रहे हैं।

इस बिल के खिलाफ कल विधानसभा में काफी हंगामा हुआ है। राजद का कहना है कि बिहार में लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में विधायकों को पीटा जा रहा है और महिलाओं का चीर हरण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री आंखें मूंदकर तमाशा देख रहे हैं। इस शर्मनाक घटना की उन्होंने निंदा भी नहीं की है। बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल 2021 को सदन में बंदूक की नोक पर पास करवाया गया है।

गौरतलब है कि राजद ने कल महिला विधायकों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार किए जाने के गंभीर आरोप लगाए थे।

तेजस्वी यादव का कहना है कि उन पर भी जानलेवा हमला किया गया है। जिसकी फुटेज उनके पास मौजूद है। हम भाजपा नहीं हैं, जो डर जाएंगे। हम नीतीश कुमार का विरोध करते आए हैं और करते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here