बुलंदशहर हिंसा मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक शिखर अग्रवाल को हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि शिखर अग्रवाल बीजेपी यूथ विंग का नगर अध्यक्ष है और वह घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।

शिखर पर हिंसा को भड़काने और हिंसा के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या में शामिल होने आरोप है। वह हिंसा के बाद से ही फरार था। इस दौरान उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसमें उसने शहीद इंस्पेक्टर के बारे में अपशब्द कहे थे। एक महीने के बाद आखिर पुलिस उसे गिरफ्तार करने में कामयाब हो गई है। अभी एसआईटी शिखर से पूछताछ कर रही है। शिखर को आज आज कोर्ट में किया जाना है।

ग़ौरतलब है कि इससे पहले 3 जनवरी को पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी योगेश राज को गिरफ्तार किया था। योगेश बजरंग दल का जिला संयोजक है जो हिंसा के बाद से ही फरार था। योगेश राज पर मौके पर मौजूद लोगों को भड़काने का आरोप है।

बता दें कि पिछले साल 3 दिसंबर को गोकशी की अफवाह के बाद बुलंदशहर के स्याना में हिंसा हुई थी। आरोप है कि योगेश राज अपने साथियों के साथ स्याना थाना इलाके में पहुंचा था। जहां उसके साथ हिंदुत्ववादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा था। इस दौरान हंगामा करने वालों की पुलिस से झड़प हो गई थी।

जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर पथराव करते हुए स्याना थाने को आग के हवाले कर दिया गया था। इसी दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को प्रदर्शनकारियों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हापुड़ से गिरफ्तार शिखर अग्रवाल पर भी इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here