उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सूची में 125 उम्मीदवारों का नाम है जिसमें से 50 महिलाएं है। यानी पहली ही सूची में 40 फीसदी महिलाओं को टिकट दिया गया है। सबसे अधिक चर्चा उन्नाव रेप पीड़िता की मां को टिकट दिए जाने की है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारी उन्नाव की प्रत्याशी उन्नाव गैंगरेप पीड़िता की मां हैं। हमने उनको मौका दिया है कि वे अपना संघर्ष जारी रखें। जिस सत्ता के ​जरिये उनकी बेटी के साथ अत्याचार हुआ, उनके परिवार को बर्बाद किया गया, वही सत्ता वे हासिल करें।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है, उन्नाव में जिनकी बेटी के साथ भाजपा ने अन्याय किया, अब वे न्याय का चेहरा बनेंगी- लड़ेंगी, जीतेंगी!

इसके अलावा कांग्रेस ने NRC-CAA विरोधी आंदोलन में जेल जाने वाली सदफ जाफर को लखनऊ सेंट्रल से टिकट दिया है। शाहजहांपुर से आशा कार्यकर्ता पूनम पांडे को टिकट दिया है।

उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि ”125 उम्मीदवारों की सूची में से 50 महिलाएं हैं। हमने प्रयास किया है कि संघर्षशील और पूरे प्रदेश में नई राजनीति की पहल करने वाले प्रत्याशी हों। जो महिलाएं पहली बार चुनाव लड़ रही हैं, वे संघर्षशील और हिम्मती महिलाएं हैं। कांग्रेस पार्टी उन्हें पूरा सहयोग करेगी”

प्रियंका ने आगे कहा, ”इस लिस्ट में कुछ महिला पत्रकार हैं। एक अभिनेत्री हैं और बाकी संघर्षशील महिलाएं हैं, जिन्होंने कांग्रेस में रहते हुए कई साल संघर्ष किया है। पार्टी ने जीतने और लड़ने की क्षमता देखकर महिला उम्मीदवारों को चुना है। आज यूपी में तानाशाही सरकार है। हमारी कोशिश मुद्दों को केंद्र में लाने की है।”

बता दें कि यूपी में 403 विधानसभा सीट हैं। यहां 10 फरवरी से 7 चरणों में मतदान होना है। नतीजे 10 मार्च को आएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here