gunja kapoor
Gunja Kapoor

संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में जारी शाहीन बाग़ (Shaheen Bagh) के प्रदर्शन को बदनाम करने की तमाम तरह की कोशिशें की जा रही हैं। 500 रूपए वाले वीडियो के बाद अब प्रदर्शन स्थल से एक बुर्का पहने हुई हिंदू युवती को पकड़ा गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि युवती प्रदर्शन को बदनाम करने की मंशा से वहां वीडियो शूट कर रही थी।

मिली जानकारी के मुताबिक, युवती का नाम गुंजा कपूर (Gunja Kapoor) है, जो पेशे से एक यूट्यूबर हैं। उन्हें दक्षिणपंथी झुकाव के लिए जाना जाता है। वह यूट्यूब पर ‘द राइट नैरेटिव’ नामक एक चैनल भी चलाती हैं। सबसे दिलचस्प बात तो ये है कि उनके ट्विटर अकाउंट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फॉलो करते हैं।

इस मामले का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें वह शाहीन बाग़ की महिलाओं से लगातार सवाल करती नज़र आ रही हैं। गुंजा को पकड़ने वाली महिलाओं का कहना है कि गुंजा ने ख़ुद को बरखा बताया था। लेकिन वह जिस तरह से वहां वीडियो शूट कर रही थीं और लोगों से सवाल कर रही थीं, उससे लोगों को उनपर शक हुआ।

महिलाओं ने गुंजा से पूछा कि वह बुर्का पहनकर क्यों आईं और उन्होंने अपनी पहचान छुपाकर वीडियो क्यों बनाई? इसके अलावा भी महिलाओं ने गुंजा से कई सवाल किए, लेकिन गुंजा ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। जिसके बाद महिलाओं ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बता दें कि शाहीनबाग़ इस वक़्त दिल्ली चुनाव का केंद्र बना हुआ है। तमाम चुनावी सर्वेक्षणों में आम आदमी पार्टी से बहुत पीछे चल रही बीजेपी इस मुद्दे को भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। वह लगातार अपनी हर रैली में शाहीन बाग़ का राग अलाप रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीजेपी शाहीन बाग़ को बदनाम करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। गुंजा द्वारा शाहीन बाग़ में वीडियो शूट करने को भी इसी संदर्भ में देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here