मालेगांव बम धमाकों की मुख्य आरोपी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गई हैं। साध्वी प्रज्ञा के बीजेपी में शामिल होने के बाद ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी उन्हें भोपाल लोकसभा सीट से दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनावी मैदान में उतार सकती है।

साध्वी प्रज्ञा के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें काफी दिनों से चल रही थीं। अब बुधवार को औपचारिक तौर पर साध्वी प्रज्ञा के BJP में शामिल होने के बाद ये तय माना जा रहा है कि वह भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के खिलाफ़ चुनाव लड़ेंगी।

बताया जा रहा है कि साध्वी प्रज्ञा के नाम पर बीजेपी के भोपाल दफ्तर में बंद कमरे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा हो रही है। इस बैठक में रामलाल, शिवराज सिंह सुहास भगत, अनिल जैन, प्रभात झा सहित अन्य नेता मौजूद हैं। सूत्रों के मुताबिक साध्वी की उम्मीदवारी का ऐलान बुधवार शाम तक किया जा सकता है।

साध्वी प्रज्ञा ने थामा BJP का हाथ, प्रशांत बोले- भाजपा ने एक आतंकी को अपना उम्मीदवार बनाया

बीजेपी में औपचारिक तौर पर शामिल होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैंने औपचारिक रूप से बीजेपी की सदस्यता ले ली है। मैं चुनाव लड़ूंगी और जीतूंगी भी। मेरे पास शिवराज सिंह चौहान का समर्थन है”।

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने साध्वी प्रज्ञा के BJP में शामिल होने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि साध्वी का बीजेपी में शामिल होना पार्टी की मनोदशा को दिखाता है।

साध्वी प्रज्ञा के बीजेपी में शामिल होने को लेकर पत्रकार एवं लेखिका राणा अय्यूब ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विटर के ज़रिए कहा, “इसे डूबने दें। वह 2006/2008 के मालेगांव धमाकों की मुख्य आरोपी है, जिसने सौ के करीब मुसलमानों को मार दिया।”

बता दें कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर 2008 के मालेगांव ब्लास्ट केस की मुख्य आरोपी रही हैं। वह इस केस में 9 सालों तक जेल में भी रही हैं। फिलहाल वो जमानत पर हैं। इस धमाके में 7 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 80 लोग जख्मी हुए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here