यूक्रेन-रूस के बीच तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट है कि रूस की सेना यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा कर सकती है। युद्ध की इस घड़ी में वो भारतीय परिजन लगातार परेशान हैं जिनके बच्चे यूक्रेन में फंसे हुए है। यूक्रेन से कई वीडियो भी सामने आ रहे हैं जिसमें भारतीय छात्रा रो बिलख रहे हैं।

एक वीडियो में भारतीय छात्रा सरकार से भावुक होकर कहती है प्लीज हमे बचा लीजिए। किसी को तो हमारी मदद के लिए भेजिए। वीडियो में छात्रा अपना नाम मेघना बताती है। वो बेंगलुरू की रहने वाली है। भारत सरकार से अपील करते हुए मेघना कहती है कि, पूरे यूक्रेन में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। पिछले 24 घण्टे से बिना खाना-पानी के रहने को मजबूर हैं। मेघना आगे बताती है कि हमारे लिए कोई स्पेशल फ्लाइट की व्यवस्था नहीं की गई है। हमे भारतीय अधिकारियों की तरफ़ से भी कोई मदद नहीं मिल रही है।

हम यहां बंकर में रहने को मजबूर हैं। यहां रहना बहुत ही मुश्किल है। लोगों को सांस लेने तक में भी परेशानी हो रही है। जितनी जल्दी हो सके हमारी मदद करिए। इस वीडियो में मेघना का एक छोटा भाई सरकार से अपील करते हुए कहते हैं कि मेरी बहन को वापस निकालने के लिए मदद करिए। वह यूक्रेन में फंसी है। क्या आप मेरी मदद कर सकते हैं?

इस वीडियो को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है, बंकर से भारतीय छात्रों का यह दृश्य व्यथित कर देने वाला है। बहुत से भारतीय पूर्वी यूक्रेन में फंसे हुए हैं जहां भारी हमले जारी हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मैं चिंतित परिवारों के साथ हूं। मैं सरकार से अपील करता हूं कि तुरंत इन छात्रों को निकालने की व्यवस्था की जाए।

यूक्रेन के खारकीव से भी वीडियो सामने आया है। यह वीडियो छात्रा लक्ष्मी का है। जिसमें लक्ष्मी भावुक होकर कहती हैं कि हम यहां धमाकों की आवाज सुन रहे हैं। यहां गोलीबारी हो रही है। हम डरे हुए हैं। हम सुपरमार्केट तक अकेले नहीं जा सकते। ऐसे में रोमानिया बॉर्डर तक कैसे जाएंगे, जो हमसे 2000 किलोमीटर दूरी पर है। हमारी मदद कीजिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here