उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सीटों पर मतदान होना है। मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट से भाजपा ने विक्रम सैनी (Vikram Saini) को उम्मीदवार बनाया है। विक्रम सैनी यहां से विधायक भी हैं।

अब सोशल मीडिया पर विक्रम सैनी की एक वीडियो वायरल हुई है जिसमें वो ग्रामीणों के विरोध के कारण भागते नज़र आ रहे हैं। दरअसल, विक्रम अपने विधानसभा क्षेत्र के मनव्वरपुर में एक मीटिंग के लिए पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने भाजपा विधायक को घेरकर विरोध करना शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में विरोध इतना बढ़ गया कि ‘विधायक जी’ को अपनी गाड़ी में बैठकर गांव से भागना पड़ गया।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विधायक हाथ जोड़ते हुए भाग रहे हैं। कुल मिलाकर मामला ये है कि नाराज़ जनता ने अपने विधायक को खदेड़ दिया है। जाहिर है इससे नेताओं को ये संदेश जाता है कि लोकतंत्र में लोक को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

विक्रम सैनी को भगाए जाने की घटना पर विपक्षी दलों ने चुटकी लेना शुरू कर दिया। समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निधि यादव ने ट्वीट किया है, ”लोकतंत्र में जनता मालिक है। जिस जनता ने प्रचंड बहुमत देकर भाजपाइयों को कुर्सी दी, भाजपाइयों ने कुर्सी पाते ही उसी जनता के साथ विश्वासघात किया। खुद को मालिक समझ बैठे जनप्रतिनिधियों को जनता खदेड़ रही है। #खदेड़ा_होबे

हालांकि ये पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी कई भाजपा नेताओं को जनता खदेड़ चुकी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से अधिक नाराज बतायी जा रही है। यही वजह है कि उस क्षेत्र से लगातार भाजपा नेता खदेड़े जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here