18 जनवरी को न्यूज-18 इंडिया के एक शो ‘देश नहीं झुकने देंगे’ का मुद्दा था- ‘हिन्दुओं के खिलाफ महागठबंधन?’

शो का मुद्दा और उसकी भाषा से साफ जाहिर होता है कि प्रोग्राम में यूपी की सत्ताधारी भाजपा के अलावा सभी को हिन्दू विरोधी बताया गया है। इस शो के अन्य एपिसोड की तरह इस एपिसोड में भी मुसलमानों के खिलाफ जमकर जहर उगला गया। साथ ही भाजपा को हिन्दू रक्षक के रूप में दिखाया गया और विपक्ष की तमाम पार्टियों को हिन्दू विरोधी करार दिया गया।

राष्ट्रीय जनता दल से राज्यसभा सांसद मनोज झा ने इस शो के खिलाफ सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। पहले तो मनोज झा ने चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की। जब चुनाव आयोग ने संज्ञान नहीं लिया तो उन्होंने सभी विपक्षी दलों से ऐसे शो में ना शामिल होने की अपील की है। मनोज झा ने लिखा है, ऐसी बहसों के संदर्भ में आज सुबह चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की अपील पर अबतक आपराधिक चुप्पी के अलावा कुछ हासिल नही हुआ। अतः समस्त विपक्ष के साथियों से आग्रह है कि देश के महासागर वाले मर्म और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए इस तरह की बहसों का बहिष्कार करना ही अब एकमात्र विकल्प है।  

बता दें कि ‘देश नहीं झुकने देंगे’ न्यूज-18 इंडिया का प्राइम टाइम शो है। प्राइम टाइम स्लॉट उस टाइम पीरियड को कहते हैं जिसमें लोगों द्वारा सबसे अधिक न्यूज़ कन्ज्यूम किया जाता है।

शो के एंकर अमन चोपड़ा मिजाज़ से अपने नाम के विपरित हैं। यानी शांति पसंद नहीं है। आए दिन वो अपने शो के माध्यम से नफरत फैलाते हैं। हालांकि नफरत फैलाने के मुद्दे भी बड़ी चतुराई से तय किए जाते हैं। किसी भी ऐसे मुद्दे को नहीं चुना जाता जिससे भाजपा को फायदा ना हो।

18 तारीख के शो में भी अमन ने अपने आदतानुसार नफरत फैलायी। शो की ओपनिंग लाइन ही थी, ”हिन्दुओं के खिलाफ महागठबंधन उत्तर प्रदेश में तैयार हो रहा है। और 80 बनाम 20 की बात जब की थी योगी आदित्यनाथ ने तो वो सही था। क्योंकि 80 के खिलाफ एक बहुत बड़ा महागठबंधन तैयार हो रहा है। जिस-जिस ने हिन्दुओं के नरसंहार की बात, हिन्दुओं को सबक सिखाने की बात की, हिन्दुओं के पलायन की बात की, सब लोगों को पार्टी में शामिल कराया जा रहा है। ताजा नाम तौकीर रजा का है। इन्होंने धमकी दी थी कि हिन्दुओं को हिन्दुस्तान में सिर छिपानी की जगह नहीं मिलेगी अगर मेरे लड़के हाथ से निकल गए तो। गली-गली में खून बहेगा।”

तौकीर रजा को लेकर अमन चोपड़ा ने जो बात कही उसमें कितनी सच्चाई है, इसपर आने से पहले ये जान लेते हैं कि फिलहाल तौकीर रजा चर्चा में क्यों हैं। दरअसल, आला हजरत बरेली शरीफ के मौलाना तौकीर रजा खां ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के समर्थन का ऐलान किया है। प्रियंका गांधी ने तौकीर रजा खां के साथ ट्विटर पर एक तस्वीर भी साझा की है।

तौकीर रजा खां ने जब से कांग्रेस के समर्थन का ऐलान किया है, तब से ही भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा का कहना है कि तौकीर रजा खां ने हिन्दुओं को धमकी दी थी। तो क्या है सच्चाई?

सच्चाई ये है कि हरिद्वार धर्म संसद (जिसमें मुस्लिमों के नरसंहार का आह्वान किया गया था) के बाद तौकीर रजा खां ने मुस्लिम युवाओं के एक समूह को संबोधित करते हुए कहा था ”मुझे डर लगता है उस वक्त से जिस दिन ये कानून अपने हाथ में लेने पर मजबूर हो जाएंगे… और जिस दिन इन्होंने कानून अपने हाथ में ले लिया, मुल्क में खानाजंगी होगी, गृहयुद्ध होगा और मैं अपने देश में किसी भी हाल में गृहयुद्ध नहीं होने देना चाहता। आज फैसला हमारे हिन्दू समाज को करना है कि अच्छा कौन है और बुरा कौन है।”

ऊपर जो लिखा है, इसके अलावा भी उन्होंने बहुत कुछ बोला। सब कुछ यहां लिख देने का कोई मतलब नहीं है। बस इतना समझ लीजिए कि तौकीर रजा खां ने अपने धर्म के कट्टरपंथियों और हिन्दू धर्म के कट्टरपंथियों के टकराहट की आशंका व्यक्त की। साथ ही बातों-बातों में अपने धर्म के कट्टरपंथियों को मोटिवेट भी किया, लेकिन अंत में कोई अप्रिय घटना ना हो इसकी आकांक्षा भी व्यक्त की।

उन्होंने देश के बहुसंख्यक हिन्दुओं से नफरत फैलाने वालों का विरोध करने की अपील करते हुए कहा- मैं अपने देश में किसी भी हाल में गृहयुद्ध नहीं होने देना चाहता। आज फैसला हमारे हिन्दू समाज को करना है कि अच्छा कौन है और बुरा कौन है।

अब दिक्कत ये है कि अमन चोपड़ा के शो में तौकीर रजा की शांति की अपील वाली बात को नहीं दिखाया गया। भाषण के सिर्फ उस हिस्से को ही दिखाया गया जिसमें वो टकराहट की बात कर रहे हैं।

किसी एक मुस्लिम के एक बयान के आधार पर अमन चोपड़ा देश के दो सबसे बड़े धार्मिक समुहों के एक दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं। क्या ये दंगा फैलाना नहीं है?

अब ये बात जग जाहिर कि ज्यादातर न्यूज चैनल वही करते हैं जो भाजपा की राजनीति को सूट करता है। खबरों की भाषा से लेकर शो के मुद्दे तक सब कुछ भाजपा को ध्यान में रखकर तय किया जाता है। अभी जो हो रहा है वो सब उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।

लेकिन क्या मीडिया अपनी नैतिकता इतनी खो देगा कि भाजपा को चुनावी फायदा पहुंचाने के लिए दंगा करवा दे?

वैसे टीवी मीडिया से लेकर अखबार तक भाजपा के सामने इस कदर बिछ चुके हैं कि अब मीडिया के आलोचकों को इससे फर्क पड़ना भी बंद हो गया है। मीडिया द्वारा लोकतंत्र को बर्बाद किया जा रहा है। एक दिन ये काम पूरा हो जाएगा। ये बात सब स्वीकार चुके हैं।

फिलहाल अमन चोपड़ा के इस हालिया शो को लेकर सोशल मीडिया पर नेताओं, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों का एक समूह विरोध कर रहा है। हालांकि इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। क्योंकि जिस एक शो के एक मुद्दे को लेकर विरोध हो रहा है। वैसे दसियों शो… दसियों न्यूज़ चैनल पर हर रोज दिखाए जा रहे हैं। उदाहरण के लिए अमन चोपड़ा के शो की ही कुछ तस्वीरों को देख लीजिए-

एक-दो अपवादों को छोड़ दें तो लगभग सभी मेनस्ट्रीम टीवी चैनल और अखबार हर रोज नफरत फैला रहे हैं। ऐसे में किसी एक शो के एक मुद्दें का विरोध करना पहाड़ पर पत्थर मारने जैसा है। लोकतंत्र न्यूज़ चैनलों के सामने घुटने टेक चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here