गुरुवार सुबह रूस के राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन यूक्रेन पर विशेष सैन्य अभियान की घोषणा कर दी है। पुतिन की घोषणा के तुरंत बाद बमबारी और मिसाइल हमले की तस्वीरें नजर आने लगी हैं। साथ ही यूक्रेन की राजधानी कीएफ़ में इमरजेंसी सायरन बजा चुका है। एक्सप्रेस वे पर बड़ी संख्या में कारों को देखा जा रहा है। एटीएम के बाहर भी लोगों की लम्बी कतार है।

इस बीच यूक्रेन में भारत के दूतावास वहाँ रह रहे नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है। डवाइज़री में कहा गया है- कृपया शांत रहें और जहाँ भी हैं सुरक्षित रहें। जो लोग कीएफ़ की यात्रा कर रहे हैं और वे भी जो पश्चिमी कीएफ़ से आ रहे हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे जिस शहर में रह रहे हैं, वहाँ लौट जाएँ।

भारत में भी इसका असर देखा जा रहा है। जिनके बेटे-बेटियां वहां फंसे हुए हैं, उनका परिवार यहां घबराया हुआ है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, 18,000 से ज्यादा भारतीय अब भी यूक्रेन में हैं। 72 घंटे पहले यूक्रेन से भारतीयों को एयरलिफ्ट करने का ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन हमले शुरू होने के बाद इसे रोकना पड़ा है। आज सुबह ही खबर आई कि यूक्रेन के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट वापस दिल्ली लौट रही है। आज यानी गुरुवार की सुबह यूक्रेनियन एयरलाइंस के विमान ने 182 भारतीय नागरिकों को दिल्ली पहुंचाया है।

बता दें कि हमला शुरू होने के बाद अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। कई लोग घायल भी हुए हैं। यूक्रेन के इस दावे को रूस गलत बता रहा है। रूस ने इससे इनकार किया है कि वो यूक्रेन के शहरों पर हमला कर रहा है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वो यूक्रेन में सेना के बुनियादी ढाँचे, वायु रक्षा और वायु सेना को निशाना बना रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here