हरिद्वार और छत्तीसगढ़ में हुए धर्म संसद से उपजा विवाद अभी हल नहीं हुआ है, इस बीच डासना देवी मंदिर के कुख्यात पुजारी यति नरसिंहानंद ने तीसरे धर्म संसद की घोषणा कर दी है। तीसरा धर्म संसद 2 जनवरी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में होगा।

फिलहाल गाजियाबाद में धर्म संसद के अनुकूल नफरती माहौल बनाने का कार्य जारी है। हिंदू रक्षा दल के पिंकी चौधरी ने गाजियाबाद के लोनी में मुसलमानों और ईसाइयों के नरसंहार के लिए लोगों को उकसाया है।

आरएसएस के पूर्व प्रमुख गोलवलकर की तरह वामपंथियों, ईसाइयों और मुस्लिमों को देश के लिए खतरा बताते हुए पिंकी चौधरी ने कहा है कि, ”इस्लाम आपके लिए फास्ट प्वाइजन है, ईसाई आपके लिए स्लो प्वाइजन है। इस्लाम इस धरती से समाप्त होना चाहिए और ईसाई भी इस धरती से समाप्त होने चाहिए।”

गौरतलब है कि जिस कार्यक्रम के माध्यम से पिंकी चौधरी ने ईसाइयों और मुस्लिमों के नरंसहार का आह्वान किया, उसका आयोजन यति नरसिंहानंद ने किया था। पिंकी चौधरी और नरसिंहानंद दोनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ही रहते हैं।

पिंकी चौधरी का असली नाम भूपेंद्र शर्मा है। इनका नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। चाहे वो जंतर मंतर पर भड़काऊ भाषण और आपत्तिजनक नारे लगाना हो या जेएनयू में हुई हिंसा हो… इन सभी विवादों के केंद्र में पिंकी चौधरी का नाम रहा है।

पिंकी चौधरी के हालिया बयान भी सोशल मीडिया पर चर्चा में है। लेखक विनोद कापड़ी ने प्रधानमंत्री मोदी पर ऐसे भड़काऊ बयानों के लिए कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है, ”नरेंद्र मोदी ने भगवा तालिबान को खुली छूट दी हुई है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here